राघोपुर संवाददाता :
सुपौल के सिमराही बाजार में बीते बुधवार की रात हुई आभूषण दुकान में बड़ी चोरी के 36 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अपराधियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में पुलिस की लापरवाही को लेकर स्थानीय व्यापारियों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि चोरों ने आभूषण कारोबारी संतोष सर्राफ की सर्राफ ज्वेलर्स दुकान का शटर काटकर करीब 37 लाख रुपये मूल्य का 25 किलो चांदी का जेवर और 70 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर लिया था। इस घटना ने पूरे बाजार में सनसनी फैला दी।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन की नाकामी के खिलाफ एक दिवसीय शांतिपूर्ण बाजार बंद की तैयारी शुरू कर दी थी। हालांकि बाजार बंद से डरे राघोपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने स्थानीय गणमान्य लोगों से मिलकर मामले का खुलासा करने के लिए 36 घंटे का समय मांगा था। तय समय सीमा समाप्त हो जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
पीड़ित संतोष सर्राफ ने कहा कि पुलिस के लापरवाह रवैये की वजह से इतनी बड़ी वारदात संभव हो पाई और अब तक न तो अपराधियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही चोरी का सामान बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रामक संदेश फैलाया गया कि चोरों ने दुकान के पीछे की ग्रिल काटकर प्रवेश किया था, जबकि सच्चाई यह है कि अपराधियों ने दुकान के मेन गेट के बगल से शटर काटकर चोरी को अंजाम दिया। उनके दुकान के पूछे आधा दर्जन से अधिक दुकान का कमरा बना हुआ है।
उन्होने कहा कि यह गलत सूचना पुलिस के दबाव में कुछ लोगों द्वारा फैलाई एवं लिखी गई। सर्राफ ने मांग की है कि जल्द से जल्द इस घटना का उद्भेदन हो, ताकि स्थानीय व्यापारी बिना भय के कारोबार कर सकें। वहीं उन्होंने व्यवसायी समाज से भी सहयोग और एकजुटता की अपील की है।
खबरें और भी हैं……





