राघोपुर (सुपौल)
होली पर्व की पूर्व संध्या पर नगर पंचायत सिमराही स्थित कोशी कॉलोनी के शिव मंदिर प्रांगण में मंगलवार की संध्या रंग और उमंग का अनोखा संगम देखने को मिला। शाम 7:00 बजे से आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में पिपराही एवं सिमराही सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु एवं नगरवासी पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से की गई, जहां उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। मंदिर प्रांगण में साउंड सिस्टम पर बज रहे पारंपरिक एवं आधुनिक होली गीतों ने माहौल को पूरी तरह उल्लासमय बना दिया। महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने विभिन्न होली गीतों पर जमकर ठुमके लगाए और उत्सव का भरपूर आनंद उठाया।
रात्रि 8:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से होलिका पूजा संपन्न की गई। श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हुए होलिका दहन किया। अग्नि प्रज्ज्वलित होते ही पूरा वातावरण भक्तिमय नारों और जयघोष से गूंज उठा।
होलिका दहन के उपरांत लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया। उपस्थित जनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी समुचित ध्यान रखा गया, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस प्रकार के सामूहिक आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और आपसी संबंधों में मधुरता आती है। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का वातावरण बना रहा। मौके पर अभिनंदन दास, उमेश गुप्ता, आसुतोष झा,उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा, चंदन सिंह, सागर यादव, ललितेश्वर रजक, शिक्षक देवता चौधरी, रवि तिवारी, मनोज राय, किशोर दास, प्रशांत वर्मा, गुड्डू दास, बनिता देवी, सरिता कुमारी, राजकुमारी, मदन यादव, सुशील यादव, खुशी कुमारी, छोटी कुमारी, पुतुल कुमारी, विजय मेहता, सोनी कुमार, कृष्णा कुमार, कृष्णा दास, शंभूनाथ चौधरी, राजू पासवान, सुमित गुप्ता सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
खबरें और भी हैं……




