सिमराही (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 पर धर्मपट्टी के समीप शुक्रवार सुबह एक लग्जरी एक्सयूवी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग हल्के रूप से घायल हो गए, जबकि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार मोतिहारी निवासी चालक निखिल कुमार अपने परिवार के साथ नागालैंड से मोतिहारी जा रहे थे। इसी दौरान एनएच-27 पर उनके वाहन के आगे दो तेज रफ्तार ट्रक आगे-पीछे चल रहे थे। अचानक आगे चल रहे कंटेनर ट्रक ने तेज ब्रेक लगा दिया। चालक ने भी ब्रेक लगाकर वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण बिगड़ने से कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
ट्रक से हल्की टक्कर लगने के कारण कार के तीनों साइड के टायर फट गए और आगे का दाहिना हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक निखिल कुमार, उनके पिता 45 वर्षीय मोतीलाल दास और माता पूजा देवी को हल्की चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के पांच लोग नागालैंड से मोतिहारी जा रहे थे।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह करीब छह बजे तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि एक कार डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी है। कुछ लोगों का कहना है कि चालक को नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और पहले पुल से टकराने के बाद डिवाइडर से जा भिड़ा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की और स्थिति को संभाला।
इस संबंध में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि सूचना मिलने पर गस्ती पुलिस को मौके पर भेजा गया है। आवेदन मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं….




