सुपौल : राघोपुर में भीषण अगलगी, दो घर जलकर खाक, एक बकरी की मौत

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

राघोपुर थाना क्षेत्र के हरिपुर पंचायत अंतर्गत हनुमाननगर वार्ड संख्या 6 में गुरुवार देर रात करीब एक बजे भीषण अगलगी की घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दो घर पूरी तरह जलकर खाक हो गए। घटना में घर में रखा फर्नीचर, अनाज, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान भी जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार हनुमाननगर निवासी शिवशंकर मंडल के घर में देर रात अचानक आग लग गई। जब तक परिवार के लोग आग पर काबू पाने की कोशिश करते, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और देखते ही देखते दोनों घर को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि परिवार के सभी सदस्य किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
अगलगी की इस घटना में एक बकरी की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मवेशी और एक अन्य बकरी झुलसकर घायल हो गई। घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर और अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बाल्टी तथा अन्य बर्तनों के सहारे पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों के सामूहिक प्रयास और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि समय रहते ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास नहीं किया होता, तो आग आसपास के कई अन्य घरों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद पीड़ित गृहस्वामी शिवशंकर मंडल ने बताया कि अगलगी में उनका सब कुछ जलकर राख हो गया है। अब उनके परिवार के पास तन पर पहने कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और राहत सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि मो. जमील अनवर उर्फ टुन्ना ने बताया कि ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता के कारण बस्ती को बड़ी क्षति से बचा लिया गया, लेकिन शिवशंकर मंडल के दोनों घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!