सुपौल : हिन्दू नववर्ष पर आज सिमराही में भव्य शोभा यात्रा सह प्रभातफेरी, 28 मार्च को विराट आयोजन का न्योता

SHARE:

सिमराही (सुपौल)।

विक्रम संवत 2083 हिन्दू नववर्ष के पावन अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत सिमराही में रामजानकी ठाकुरबाड़ी परिसर से भव्य शोभा यात्रा सह प्रभातफेरी निकाली गई। इस आयोजन में नगर क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे नगर का भ्रमण किया और धार्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
रामनवमी शोभा यात्रा समिति, नगर पंचायत सिमराही के तत्वाधान में निकली यह शोभा यात्रा ठाकुरबाड़ी परिसर से प्रारंभ होकर एनएच-27 के रास्ते जेपी चौक पहुंची। वहां से यात्रा पिपराही रोड होते हुए एनएच-106 पर स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंची। इसके बाद यात्रा पुनः एनएच-106 होते हुए जेपी चौक, हॉस्पिटल रोड, रामनगर मोड़ होते हुए करजाइन रोड तक गई और फिर निर्धारित मार्ग से गुजरते हुए पुनः ठाकुरबाड़ी परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह लोगों ने शोभा यात्रा का स्वागत किया और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। इस दौरान समिति के सदस्यों द्वारा नगरवासियों से हिन्दू नववर्ष के उपलक्ष्य में अपने-अपने घरों, दुकानों एवं आसपास के मंदिरों में दीप प्रज्वलित करने का आह्वान किया गया।
समिति के सदस्यों ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 28 मार्च को रामनवमी पर्व के अवसर पर रामजानकी ठाकुरबाड़ी सिमराही परिसर से एक विराट शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में रामभक्तों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपने परिवार सहित इस भव्य आयोजन में भाग लेने की अपील की है।
कार्यक्रम के दौरान पूरे नगर में सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सका।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!