सिमराही (सुपौल)।
बिहार दिवस के अवसर पर रविवार को राघोपुर प्रखंड कार्यालय उत्सव के रंग में सराबोर नजर आया। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, आकर्षक झालरों और सजावटी सामग्रियों से सजाया गया था, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण और उल्लासमय हो गया। शाम होते ही कार्यालय परिसर जगमग रोशनी से नहा उठा और लोगों की भीड़ इस नजारे को देखने के लिए उमड़ पड़ी।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सत्येन्द्र कुमार यादव ने मिट्टी का दीप प्रज्ज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित कर्मियों और स्थानीय लोगों को बिहार दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार इस वर्ष बिहार दिवस को विशेष रूप से मनाने की पहल की गई है, ताकि आमजन में अपने राज्य के प्रति गर्व और जुड़ाव की भावना को और मजबूत किया जा सके।
बीडीओ ने अपने संबोधन में बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह राज्य प्राचीन काल से ही ज्ञान, शिक्षा और संस्कृति का केंद्र रहा है। उन्होंने कहा कि आज भी बिहार के लोग अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि इस गौरवशाली विरासत को सहेजते हुए राज्य के विकास में सक्रिय योगदान दें।
कार्यक्रम के दौरान कार्यालय कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने एक-दूसरे को बिहार दिवस की बधाई दी और सजावट व रोशनी का आनंद लिया। पूरे आयोजन ने एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश देने का काम किया।
वहीं दूसरी ओर, नगर पंचायत सिमराही कार्यालय में इस अवसर पर कोई विशेष आयोजन नहीं होने से उदासी का माहौल बना रहा। जहां एक ओर प्रखंड कार्यालय में उत्सव का माहौल था, वहीं नगर पंचायत कार्यालय में बिहार दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर किसी प्रकार की सजावट या कार्यक्रम का अभाव लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। स्थानीय लोगों ने इस पर निराशा जताते हुए कहा कि ऐसे गौरवशाली दिन पर नगर प्रशासन को भी पहल करनी चाहिए थी, ताकि आमजन में राज्य के प्रति गर्व की भावना और मजबूत हो सके।
खबरें और भी हैं …..




