क्विज, पेंटिंग और काव्य प्रतियोगिता में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, विजेताओं को पदक व ट्रॉफी से किया सम्मानित
सिमराही (सुपौल)
सिमराही नगर पंचायत के प्रतिष्ठित विद्यालय एसआर शिक्षा सम्राट में बुधवार को गांधी–शास्त्री जयंती सह अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता, निदेशिका अल्पना मेहता सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर की।
इस अवसर पर चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री का जीवन सत्य, सादगी, त्याग और राष्ट्रसेवा का महान आदर्श है। अकादमिक निदेशक राजा रवि ने दोनों महापुरुषों के जीवन चरित्र के साथ समसामयिक आंदोलनों एवं राष्ट्रव्यापी घटनाओं पर प्रकाश डाला। प्राचार्य सह प्रशासनिक निदेशक किसलय रवि ने कहा कि हमें अपने जीवन में सत्य और अहिंसा को आधार बनाकर आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। जूनियर एवं सीनियर स्तर पर इंटर हाउस क्विज प्रतियोगिता में गांधी और शास्त्री के जीवन, आंदोलनों एवं योगदान से जुड़े प्रश्न पूछे गए। छात्रों के शानदार प्रदर्शन के कारण कई बार टाई की स्थिति बनी। प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता तथा सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए हिंदी एवं अंग्रेजी काव्य प्रतियोगिता आयोजित हुई। विद्यार्थियों ने स्वरचित एवं प्रसिद्ध कवियों की रचनाओं का सस्वर पाठ किया।
विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। वहीं दोनों स्तरों की इंटर हाउस क्विज प्रतियोगिता की श्रेष्ठ तीन टीमों को पदक के साथ ट्रॉफी प्रदान की गई।
कार्यक्रम की सफलता में रंजीत लामा, गौरव कुमार, कृष्णा गुप्ता, आदर्श लामा, शिवशंकर मेहता, पप्पू मेहता, अर्जुन कुमार, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, रमेश मुखिया, मनीषा झा, मौली मोदक, जूली मिश्रा, आस्था कुमारी सहित विद्यालय के सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खबरें और भी हैं…..




