राघोपुर थाना में तीन युवकों से मारपीट व रुपये लेने के आरोप में कार्रवाई, जांच के 12 दिन बाद एसपी ने किया निलंबित
राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना में तीन युवकों के साथ कथित मारपीट, गाली-गलौज, मोबाइल फोन लेने और रुपये वसूलने के आरोप में सुपौल एसपी ने कार्रवाई करते हुए पीटीसी अभय कुमार को निलंबित कर दिया है। वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने शनिवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फरियादी से मारपीट के आरोप की जांच पूरी होने के बाद पीटीसी अभय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

मामला डुमरी निवासी सौरभ झा, पारस चौधरी और सिकेन्द्र पासवान से जुड़ा है। तीनों ने एसपी सुपौल, वीरपुर एसडीपीओ समेत अन्य वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर आरोप लगाया था कि 13 सितंबर को एक मामले के सिलसिले में राघोपुर थाना पहुंचने पर उनके साथ मारपीट की गई और रुपये लिए गए। शिकायत के अनुसार, थाना के मुख्य गेट पर तैनात पीटीसी अभय कुमार ने सौरभ झा के साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि इसके बाद उन्हें थाना परिसर के पीछे स्थित नवनिर्मित मॉडल थाना भवन में ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया। वहां लाठी, जूते और थप्पड़ों से पिटाई करने के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि उन्हें किसी अपराध की स्पष्ट जानकारी भी नहीं दी गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया था कि तीनों को छोड़ने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई और रुपये नहीं देने पर एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की धमकी दी गई। सौरभ झा ने आरोप लगाया था कि अभय कुमार ने उनसे कुल 3,300 रुपये लिए। इसमें 2 हजार रुपये नकद लेने के अलावा थाना के सामने स्थित दुकानों से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 1,300 रुपये दिलवाए गए। शिकायतकर्ताओं ने ऑनलाइन भुगतान के स्क्रीनशॉट और ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड भी उपलब्ध कराने की बात कही थी।
जांच के बाद हुई कार्रवाई
वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच कराई गई। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद घटना के 12 दिन बाद पीटीसी अभय कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
खबरें और भी हैं…..




