छातापुर ICDS कार्यालय का बताया जा रहा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, जीवछपुर केंद्र-52 की सेविका से राशि लेने का दावा; विभाग ने कहा- जानकारी नहीं, पता करते हैं
सुपौल
सुपौल जिले के छातापुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय (ICDS) से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, टेक होम राशन (THR) वितरण और राशि आवंटन के नाम पर प्रत्येक केंद्र से कथित रूप से ₹2600 प्रतिमाह वसूली किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो और इसमें लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वायरल वीडियो में ICDS कार्यालय के अंदर एक महिला समेत कुछ लोग रुपये गिनते और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को लेकर महिला की पहचान छातापुर प्रखंड की LS संगीता कुमारी के रूप में किए जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में रुपये की लेन-देन से संबंधित बातचीत भी सुनाई देती है।
बताया जा रहा है कि मामला जीवछपुर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-52 से जुड़ा है। आरोप है कि उक्त केंद्र की सेविका ममता कुमारी से LS संगीता कुमारी द्वारा राशि ली गई। वायरल वीडियो में रुपये गिने जाने का दावा किया जा रहा है।
2600 की जगह ₹2400 देने की बातचीत
वीडियो में कथित तौर पर ₹2600 की जगह ₹2400 दिए जाने और ₹200 कम होने की बातचीत सुनाई देती है। इसके बाद कथित रूप से बाद में ₹200 देने की बात कही जाती है। वीडियो सामने आने के बाद आंगनबाड़ी केंद्रों से कथित मासिक वसूली को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्रत्येक केंद्र से राशि लेने का आरोप
वायरल वीडियो को लेकर आरोप लगाया जा रहा है कि छातापुर प्रखंड में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, THR वितरण, राशि आवंटन समेत अन्य कार्यों के नाम पर प्रत्येक केंद्र से प्रतिमाह ₹2600 लिए जाते हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि वायरल वीडियो में दिखाई जा रही राशि किस मद में ली जा रही थी और क्या वास्तव में सभी केंद्रों से ऐसी राशि ली जाती है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हुई है।
मामला सामने आने के बाद वायरल वीडियो की सत्यता और लगाए गए आरोपों की विभागीय जांच की मांग उठने लगी है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई का सवाल भी उठ सकता है।
इधर, छातापुर की प्रभारी सीडीपीओ रंजना कुमारी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “पता करते हैं कि क्या मामला है।”
खबरें और भी हैं….




