रिश्वत लेने के आरोप वाले वायरल वीडियो के बाद डीएम ने लिया संज्ञान, जिला कार्यक्रम कार्यालय सुपौल में किया योगदान का आदेश; तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश
सुपौल
छातापुर प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय (ICDS) से जुड़ा रिश्वत लेने के आरोप वाला वायरल वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले में कार्रवाई की है। जिलाधिकारी सुपौल सावन कुमार ने छातापुर की महिला पर्यवेक्षिका संगीता कुमारी का स्थानांतरण करते हुए उन्हें जिला कार्यक्रम कार्यालय, आईसीडीएस, सुपौल में योगदान करने का आदेश दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जिलाधिकारी की ओर से 29 सितंबर 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि महिला पर्यवेक्षिका के आंगनबाड़ी सेविका से रिश्वत की राशि लेते हुए लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। साथ ही उनके कार्यों के निष्पादन में अनियमितता एवं भ्रष्टाचार संबंधी गंभीर आरोप भी प्राप्त हुए हैं, जिससे कार्यालय के कार्यों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
आदेश में कहा गया है कि कार्यालय कार्यहित एवं मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने तथा अभिलेखों एवं साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। संगीता कुमारी को जिला कार्यक्रम कार्यालय, आईसीडीएस, सुपौल में योगदान करने का निर्देश दिया गया है।
तीन दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट
जिलाधिकारी ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, छातापुर को मामले में आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया है। आदेश के अनुसार संबंधित महिला पर्यवेक्षिका से जुड़े सभी सरकारी अभिलेख, दस्तावेज एवं अन्य प्रमाण नियमानुसार प्राप्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी। वायरल वीडियो और प्राप्त शिकायत के आलोक में संगीता कुमारी से कारण पूछते हुए मामले की जांच कर मतयुक्त स्पष्ट प्रतिवेदन तीन दिनों के अंदर अधोहस्ताक्षरी कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
आज ही प्रकाशित हुई थी 2600 वसूली के आरोप की खबर
गौरतलब है कि सोमवार को छातापुर ICDS कार्यालय से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की खबर प्रकाशित हुई थी। वायरल वीडियो के आधार पर आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, टेक होम राशन (THR) वितरण और राशि आवंटन के नाम पर प्रत्येक केंद्र से कथित रूप से 2600 प्रतिमाह लिए जाने का आरोप सामने आया था। वीडियो में एक महिला समेत कुछ लोगों को रुपये गिनते हुए दिखने का दावा किया गया था।मामला जीवछपुर पंचायत के वार्ड संख्या-11 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-52 से जुड़ा बताया गया था। आरोप था कि सेविका से राशि ली गई। हालांकि वायरल वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई थी।
खबरें और भी हैं…..




