सिमराही बाजार में व्यापारियों का फूटा गुस्सा, 48 घंटे में खुलासा नहीं हुआ तो रविवार को बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में गुरुवार रात चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाया। दो दुकानों में चोरी कर बदमाश लाखों रुपये का नकदी और सामान ले गए, जबकि तीसरी दुकान का ताला तोड़ने के बाद भी सुरक्षा लॉक नहीं तोड़ पाने के कारण चोरी करने में सफल नहीं हो सके। शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद बाजार के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया।
व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए चोरी की घटनाओं का खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। व्यापारियों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं हुई तो रविवार को सिमराही बाजार बंद कर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
किराना दुकान से ढाई से तीन लाख का सामान चोरी
सिमराही अस्पताल रोड स्थित रामनगर मोड़ के पास किराना व्यवसायी धीरेन्द्र यादव की दुकान का शटर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुसे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे दुकान पहुंचने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। दुकानदार के अनुसार चोरों ने पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काटा और इसके बाद गल्ले में रखे करीब 10 हजार रुपये नकद के अलावा रजनीगंधा, साबुन, तेल, हॉर्लिक्स समेत कई महंगे सामान चोरी कर लिए। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत करीब ढाई से तीन लाख रुपये बताई गई है। दुकान के कैमरे में तीन-चार संदिग्धों की गतिविधियां कैद होने की बात भी सामने आई है।
कपड़ा दुकान का ताला तोड़ा, सुरक्षा लॉक से रुकी चोरी
रामनगर मोड़ स्थित एक कपड़ा दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने शटर का ताला तोड़ दिया, लेकिन अंदर लगे अतिरिक्त सुरक्षा लॉक को नहीं तोड़ सके। इसके कारण दुकान के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए और चोरी होने से बच गई। हालांकि ताला टूटने के बाद दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
छत काटकर पान मसाला दुकान में घुसे चोर
एनएच-27 किनारे पान मसाला के थोक व्यवसायी सजन कुमार भगत की दुकान में बदमाशों ने छत का टिन शेड काटकर प्रवेश किया। दुकानदार के अनुसार चोर गल्ले में रखे करीब 63 हजार रुपये नकद के अलावा बड़ी मात्रा में पान मसाला और अन्य सामान ले गए। इस घटना में व्यवसायी को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
लगातार चोरी से व्यापारियों में आक्रोश
व्यापारियों का कहना है कि सिमराही बाजार में पिछले कई महीनों से चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। बाजार में नगर पंचायत की ओर से सीसीटीवी कैमरे और हाईमास्ट लाइटें लगाए जाने के बावजूद चोरी की घटनाएं नहीं रुक रही हैं। व्यापारियों का आरोप है कि कई मामलों में अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं।
48 घंटे का अल्टीमेटम, रविवार को बाजार बंद की चेतावनी
एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने के बाद व्यापारियों ने बैठक कर पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की। व्यवसायियों ने कहा कि लगातार चोरी से आर्थिक नुकसान के साथ दुकानदारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। 48 घंटे के भीतर चोरी की घटनाओं का उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो रविवार को सिमराही बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
खबरें और भी हैं…..




