पूजा समितियों को लाइसेंस लेना अनिवार्य, मेला में 50 स्वयंसेवकों की तैनाती और सीसीटीवी लगाने का निर्देश
राघोपुर (सुपौल)
दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शनिवार को राघोपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष अमित कुमार राय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वीरपुर एसडीएम विनय कुमार, एसडीपीओ पवन कुमार और बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव सहित विभिन्न पूजा समितियों के सदस्य एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में अधिकारियों ने पूजा, मेला और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दशहरा के दौरान डीजे बजाने और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम विनय कुमार ने पूजा समितियों को प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा। उन्होंने मेला में दुकानों की सूची तैयार करने, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार बनाने, सड़कों पर ठेला नहीं लगाने और पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसडीपीओ पवन कुमार ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन की व्यवस्था रखने और रात में विशेष निगरानी करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भीड़ प्रबंधन के लिए पहले से योजना तैयार करें तथा चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए सतर्क रहें। प्रत्येक पूजा समिति को पुलिस बल के अतिरिक्त अपने स्वयंसेवक भी तैनात करने होंगे। प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षित स्थल का चयन करने और गहरे पानी वाले स्थानों पर गोताखोरों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि सभी पूजा समितियों के लिए थाना से लाइसेंस लेना अनिवार्य है। बिना लाइसेंस मेला लगाने और प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रत्येक मेला समिति को कम से कम 50 स्वयंसेवक तैनात करने और इसकी सूचना थाने को देने को कहा गया। लाइसेंस आवेदन के साथ प्रतिमा विसर्जन का रूट चार्ट देना भी अनिवार्य होगा। उन्होंने असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहने की बात कही।
सिमराही बाजार में आपराधिक घटनाओं का उठा मुद्दा
बैठक में पूर्व मुखिया वैद्यनाथ प्रसाद भगत ने पूजा एवं पर्व के दौरान स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन से सहयोग की अपील की। उन्होंने सिमराही बाजार में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं का मुद्दा उठाते हुए पुलिस प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया। थानाध्यक्ष ने कहा कि राघोपुर क्षेत्र आपसी सद्भाव और भाईचारे का प्रतीक रहा है। सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से दशहरा मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
बैठक में वैद्यनाथ प्रसाद भगत, प्रकाश यादव, मित्तन यादव, विनोद यादव, कांक्षी सिंह, सूर्यदेव मरिक, सूर्यनारायण यादव, अताउर रहमान, अशोक साह, कुंदन साह, मो. हयूम सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं…..




