रंगोलियों के जरिए विविधता में एकता, नारी सशक्तिकरण और पेपर लीक जैसे मुद्दों को किया प्रदर्शित; 95% से अधिक अंक लाने वाले छात्र स्मार्ट वाच से सम्मानित
राघोपुर (सुपौल)
नगर पंचायत सिमराही स्थित एसआर शिक्षा सम्राट स्कूल में दीपावली उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग की छात्राओं ने आकर्षक रंगोलियों के जरिए विविधता में एकता, नारी सशक्तिकरण, पेपर लीक की समस्या और भारत की सांस्कृतिक विविधता जैसे समसामयिक विषयों को दर्शाया। वहीं, सीनियर वर्ग के छात्रों ने सुंदर कंदील बनाए। जूनियर वर्ग के बच्चों ने दीयों को आकर्षक ढंग से सजाया, जबकि प्री-प्राइमरी के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। कई बच्चों ने पारंपरिक घरौंदे भी बनाए।
इस अवसर पर प्रथम टर्म की परीक्षा में 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मार्ट वाच देकर पुरस्कृत किया गया। विद्यालय के चेयरमैन महादेव मेहता ने कहा कि हम सभी को अपने भीतर ज्ञान का प्रकाश जागृत करना चाहिए। प्रबंध निदेशिका अल्पना मेहता ने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में नवचेतना का संचार करे। अकादमिक निदेशक राजा रवि ने कहा कि विद्यालय बच्चों में अकादमिक दक्षता के साथ सृजनशीलता विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रशासनिक निदेशक सह प्राचार्य किसलय रवि ने कहा कि यह आयोजन महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों और शिक्षकों के सामूहिक उल्लास का उत्सव है। आयोजन की सफलता में मनीषा झा, काजल राउत, मौली मोदक, जूली मिश्रा, आस्था कुमारी, गौरव कुमार, रंजीत लामा, कृष्णा गुप्ता, आदर्श लामा, शिवशंकर मेहता, पप्पू मेहता, अर्जुन कुमार, सुधांशु वर्मा, सुमन झा, रमेश मुखिया, शिवशंकर यादव सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
खबरें और भी हैं




