बिना नंबर की लग्जरी गाड़ी पर लोड किए जा रहे थे चावल के तीन बोरे, पत्रकारों को देख खाद्यान्न लेकर भागा चालक; गोदाम प्रबंधक ने स्वीकार की अपनी गलती
|राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित एसएफसी गोदाम में खाद्यान्न वितरण और ढुलाई की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। यहां गोदाम प्रबंधक की कथित मनमानी से नियमों को ताक पर रखकर खाद्यान्न की ढुलाई किए जाने का मामला सामने आया है। शनिवार की दोपहर गोदाम परिसर में बिना नंबर की काले रंग की लग्जरी गाड़ी पर गोदाम कर्मियों द्वारा चावल के तीन बोरे लोड किए जा रहे थे। सूचना मिलने पर जब पत्रकारों की टीम मौके पर पहुंची और वीडियो बनाने लगी तो चालक खाद्यान्न लदी गाड़ी लेकर वहां से भाग निकला।
मौके पर मौजूद गोदाम कर्मी देव कुमार से जब इस संबंध में पूछताछ की गई तो उन्होंने पहले इसे गलती बताया। बाद में उन्होंने बताया कि गणपतगंज के एक जनवितरण प्रणाली विक्रेता (डीलर) का खाद्यान्न कम पड़ गया था। इसी वजह से डीलर का पुत्र खाद्यान्न लेने आया था। उसे 150 किलो चावल के तीन बोरे दिए गए थे। कर्मी ने स्वीकार किया कि इस तरह खाद्यान्न देना गलती थी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि पहली बार इस तरह की चूक हुई है।
वहीं, मामले में गोदाम प्रबंधक सानू कुमारी ने बताया कि गणपतगंज के एक डीलर का खाद्यान्न कम पड़ गया था। उक्त वाहन डीलर का निजी वाहन था और उनकी अनुमति से ही उसमें खाद्यान्न भेजा जा रहा था। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि निजी वाहन से खाद्यान्न भेजने का कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए आगे ऐसी चूक नहीं होने की बात कही।
निजी वाहन से खाद्यान्न की ढुलाई नियम के विरुद्ध
इस संबंध में वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि निजी वाहन से खाद्यान्न की ढुलाई नहीं होनी चाहिए। मामले को लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है।
खबरें और भी हैं…..




