सहयोग कार्यक्रम में आवेदनों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन में लापरवाही का आरोप, मुख्यमंत्री के आदेश पर तत्काल प्रभाव से हुई कार्रवाई; बिहार के 15 पदाधिकारी-कर्मी निलंबित
सिमराही (सुपौल)
बिहार सरकार ने प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के आदेश पर राज्य के विभिन्न जिलों के 15 पदाधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। निलंबित होने वालों में सुपौल जिले की सिमराही नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी वीणा वैशाली भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से 10 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यस्तरीय सहयोग शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन नहीं करने, लापरवाही बरतने तथा आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से निपटारा नहीं करने के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
जारी सूची के क्रमांक 10 पर सुपौल जिले की सुश्री/श्रीमती वीणा वैशाली का नाम दर्ज है। उन्हें निर्मली एवं सिमराही नगर निकाय का कार्यपालक पदाधिकारी बताया गया है। उनका विभाग नगर विकास एवं आवास विभाग है।
मुख्यमंत्री ने सभी जिला पदाधिकारियों, विभागीय सचिवों और मुख्यमंत्री सचिवालय के पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि सहयोग पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की केवल समयबद्ध निष्पादन की ही समीक्षा नहीं की जाए, बल्कि उनके गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की भी विशेष समीक्षा हो। यदि किसी पदाधिकारी या कर्मी द्वारा आवेदकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान किए बिना टालमटोल किया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए।
सिमराही नगर पंचायत में इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है।
खबरें और भी हैं…..




