सुपौल : सिमराही में सेहत की पाठशाला, हर सुबह दो घंटे योग से निरोग रहने का संदेश दे रहे कुंदन वर्मा

SHARE:

आठ महीने से लगातार चल रही निःशुल्क योग कक्षा, बच्चे, महिलाएं और पुरुष नियमित रूप से कर रहे योगाभ्यास

राघोपुर (सुपौल)

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग कई तरह की बीमारियों और मानसिक तनाव से जूझ रहे हैं, वहीं सिमराही में योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। राघोपुर प्रखंड के सिमराही नगर पंचायत स्थित हाई स्कूल मैदान में पिछले आठ महीने से प्रतिदिन निःशुल्क योग कक्षा संचालित की जा रही है। योग प्रशिक्षक कुंदन कुमार वर्मा के नेतृत्व में चल रही इस पहल से स्थानीय लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।

इस योग कक्षा में प्रतिदिन सुबह 5 बजे से 7 बजे तक बच्चे, महिलाएं और पुरुष एक साथ योगाभ्यास करते हैं। कुंदन वर्मा ने बताया कि करीब आठ महीने पहले शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य लोगों को योग के प्रति जागरूक करना और नियमित दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित करना है। खास बात यह है कि यहां योग का प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क दिया जाता है।

स्वस्थ जीवनशैली के लिए योग जरूरी

कुंदन वर्मा ने बताया कि बदलती जीवनशैली, खानपान की आदतों और अनियमित दिनचर्या के कारण लोगों में डायबिटीज, ब्लड प्रेशर सहित कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। ऐसे में नियमित योगाभ्यास और व्यायाम शरीर को सक्रिय रखने के साथ मानसिक तनाव कम करने में भी सहायक हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए निकालने की अपील की।

बड़ी संख्या में लोग ले रहे भाग

इस निःशुल्क योग कक्षा में डॉ. रमेश कुमार मेहता, दिलीप मेहता, सीमा कुमारी, शीला जायसवाल, सुनीता कुमारी, रंजीत यादव, सरोज मेहता, रामकुमार साह, प्रह्लाद कुमार, चंदन मेहता, विनोद कुमार, बिजेंद्र प्रसाद, अर्जुन प्रसाद, अनीशा कुमारी, प्रमिला देवी और राजलक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग नियमित रूप से शामिल हो रहे हैं।

सिमराही हाई स्कूल मैदान में सुबह-सुबह लगने वाली यह योग कक्षा केवल व्यायाम का केंद्र नहीं, बल्कि सामूहिक रूप से स्वस्थ रहने की प्रेरणा भी बन रही है। कुंदन वर्मा की यह पहल समाज में निरोग रहने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दे रही है।

खबरें और भी हैं 

 

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई