दो माह के बकाया अनाज को लेकर लाभुक से हुई थी कहासुनी, बेहोश होकर गिरे विक्रेता ने अस्पताल में तोड़ा दम; मौत के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत स्थित सायत लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-1 में सोमवार की शाम अनाज उठाव को लेकर हुए विवाद के बाद एक जनवितरण विक्रेता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही 55 वर्षीय कुशेश्वर पासवान के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। वहीं, अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
मृतक के पुत्र रुपेश पासवान ने बताया कि उनके पिता जनवितरण प्रणाली के विक्रेता थे। गांव के ही वार्ड संख्या-2 निवासी हरिशंकर खिरहरी उनकी दुकान से अनाज का उठाव करते थे। सोमवार की शाम करीब 5:30 बजे उनके पिता घर के सामने एनएच-106 किनारे एक किराना दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान हरिशंकर खिरहरी वहां पहुंचे और पिछले दो माह का अनाज बकाया होने की बात कही।
इस पर कुशेश्वर पासवान ने कहा कि लाभुक जब पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर पर्ची लेते हैं तो उन्हें उसी समय पूरा अनाज दे दिया जाता है। यदि किसी माह का अनाज बकाया है तो उसकी पर्ची दिखानी होगी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसी दौरान कुशेश्वर पासवान अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
इसके बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें राघोपुर रेफरल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची राघोपुर थाना पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया।
जांच के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह
ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. दीपक गुप्ता ने बताया कि व्यक्ति को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। आवश्यक जांच और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल घटना में मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
खबरें और भी हैं….




