सुपौल – वार्ड पार्षद प्रतिनिधि के पहल का हुआ असर: राघोपुर में सर्विस रोड से हटाया गया 11 केवी का बिजली खंभा, लोगों को मिली राहत

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या 17 स्थित रेल ओवरब्रिज के समीप सर्विस रोड पर खड़े 11 केवी बिजली के खंभे को आखिरकार बिजली विभाग द्वारा स्थानांतरित कर दिया गया है। यह खंभा वार्ड पार्षद बुदनी देवी के घर के समीप सर्विस रोड और नाला के बीच सड़क किनारे स्थित था, जिसके कारण वाहन चालकों एवं आम लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सर्विस रोड के किनारे खंभा होने के कारण यहां दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती थी। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा कई महीनों से आवाज उठाई जा रही थी तथा समाचार पत्रों में भी लगातार खबरें प्रकाशित की जा रही थीं।

स्थानीय लोगों की मांग पर वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सागर यादव ने सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त लिखित आवेदन बिजली विभाग के अधिकारियों को सौंपकर उक्त बिजली खंभे को वहां से हटाने और सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की थी।

लोगों की मांग और आवेदन पर संज्ञान लेते हुए बिजली विभाग के अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए 11 केवी के बिजली खंभे को सर्विस रोड से हटाकर नाला के पूर्वी भाग में स्थापित कर दिया है। खंभा हटाए जाने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि इससे उक्त स्थान पर दुर्घटना का खतरा काफी हद तक कम हो गया है।

अब ओवरब्रिज के दोनों ओर डिवाइडर की मांग

हालांकि स्थानीय लोगों ने एनएच-106 निर्माण कार्य में लगी कार्य एजेंसी पर ओवरब्रिज के दोनों ओर मुख्य सड़क और सर्विस रोड के बीच पर्याप्त डिवाइडर नहीं बनाए जाने का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि डिवाइडर नहीं होने के कारण ओवरब्रिज के दोनों ओर हमेशा वाहनों के आमने-सामने आने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय लोगों ने एनएच-106 के अधिकारियों से उक्त स्थल का निरीक्षण कर जल्द से जल्द ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस लेन और मुख्य सड़क के बीच डिवाइडर निर्माण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी सड़क दुर्घटना को रोका जा सके।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!