राघोपुर (सुपौल)
मध्य निषेध थाना सिमराही की पुलिस ने गुरुवार को शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार में अवध भगत के आवासीय परिसर में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने 750 एमएल की छह बोतल विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब में ब्लेंडर्स प्राइड, रेड लेबल और रॉयल स्टेज शामिल हैं। शराब की कुल मात्रा 4 लीटर 500 एमएल बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से अवध भगत कि माँ संगीता देवी को गिरफ्तार किया, जबकि मुख्य आरोपी अवध भगत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। मध्य निषेध थाना सिमराही के थानाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह ने बताया कि पुलिस को अवध भगत के आवासीय परिसर में शराब रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की, जहां तलाशी के दौरान छह बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार महिला आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार अवध भगत के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ मध्य निषेध थाना पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
खबरें और भी हैं…..




