सुपौल : लगातार दूसरे दिन सिमराही बाजार में चोरी, व्यापारियों में बढ़ा भय

SHARE:

1 अक्टूबर की चार दुकानों में चोरी के बाद 3 अक्टूबर की रात फिर चार दुकानों को बनाया निशाना

राघोपुर (सुपौल)।

सिमराही बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से व्यापारियों में भय का माहौल है। बीते 1 अक्टूबर की रात रामनगर रोड स्थित चार दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सामान व नकदी की चोरी के बाद अब 3 अक्टूबर की रात मेन चौक स्थित जेपी चौक के पास चोरों ने कई दुकानों को निशाना बनाया। लगातार दूसरी चोरी की घटना से बाजार की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने बनारसी सत्तू-भुजा की दुकान के पीछे का गेट तोड़कर दुकान में रखे 17 हजार रुपये नकद चुरा लिए। पीड़ित व्यवसायी राजू कुमार ने बताया कि चोर पीछे का गेट तोड़कर दुकान में घुसे और गल्ले में रखी राशि लेकर फरार हो गए।

वहीं रंजीत गुप्ता की पान मसाला दुकान से 3 हजार रुपये नकद समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान चोरी होने की बात सामने आई है। चोरों ने दुकान का गेट तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।

इसके अलावा संतोष चौधरी की फल दुकान से 3 हजार रुपये नकद चोरी किए जाने की जानकारी मिली है। वहीं मो. मोहिद की फल दुकान में रस्सी काटकर चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन चोर अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।

48 घंटे में उद्भेदन का दिया गया था भरोसा

गौरतलब है कि 1 अक्टूबर की रात चार दुकानों में चोरी के बाद सिमराही के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया था। व्यापार संघ के माध्यम से पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर 48 घंटे के अंदर चोरी की घटना का उद्भेदन करने, अन्यथा 3 अक्टूबर को बाजार बंद रखने की चेतावनी दी गई थी।

इसके बाद एसडीएम बीरपुर और पुलिस अंचल निरीक्षक बीरपुर सिमराही पहुंचकर आक्रोशित व्यापारियों से मिले थे। अधिकारियों ने चोरी की घटना का जल्द उद्भेदन करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद व्यापारियों ने प्रस्तावित बाजार बंदी वापस ले ली थी।

इसी बीच 3 अक्टूबर की रात दोबारा चोरी की घटना सामने आने से व्यापारियों की चिंता और बढ़ गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सिमराही बाजार के व्यवसायी भय के माहौल में कारोबार करने को मजबूर हैं। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पूर्व एवं नई चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment