धर्मपट्टी में प्रमोद मिश्र के घर चोरी का खुलासा, चांदी के आभूषण व नकदी बरामद; सिमराही की किराना दुकान से चोरी के 2 हजार भी मिल
राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार और धर्मपट्टी में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी प्रमोद मिश्र के घर हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, नकदी के अलावा सिमराही बाजार में हुई एक अन्य चोरी की रकम भी बरामद की गई है।
इसकी जानकारी वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने सोमवार को राघोपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि चोरी की घटनाओं के बाद एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धर्मपट्टी वार्ड संख्या-1 निवासी संजीव कुमार शर्मा (26) और राजा कुमार (22) को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रमोद मिश्र के घर से चांदी के आभूषण व 3 हजार बरामद
एसडीपीओ ने बताया कि प्रमोद मिश्र के घर हुई चोरी में दोनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने उनके पास से दो चांदी की चेन, चार चांदी के सिक्के, एक चांदी की अंगूठी और ₹3 हजार नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद आभूषण और नकदी प्रमोद मिश्र के घर से चोरी किए गए थे।
सिमराही की किराना दुकान से चोरी के 2 हजार भी मिले
जांच के दौरान सिमराही बाजार में हुई एक अन्य चोरी का भी खुलासा हुआ। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी राजा कुमार के पास से ₹2 हजार नकद बरामद हुए, जो सिमराही बाजार स्थित जेपी चौक के पास रंजीत कुमार की किराना दुकान से चोरी किए गए थे। पुलिस के अनुसार राजा ने उसी रात दुकान में चोरी की थी। अब पुलिस सिमराही बाजार में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी आरोपियों की संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है।
चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोप में सिमराही वार्ड संख्या-6 निवासी कुंदन कुमार स्वर्णकार (28) को भी गिरफ्तार किया है। उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस चोरी के सामान की खरीद-बिक्री में उसकी भूमिका की जांच कर रही है।
आरोपी राजा के खिलाफ पहले से दर्ज है आपराधिक मामला
एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि आरोपी राजा कुमार के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामला दर्ज है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
सिमराही की अन्य चोरी का भी जल्द होगा खुलासा
एसडीपीओ ने बताया कि सिमराही बाजार में पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए भी एसपी के निर्देश पर एसआईटी गठित की गई है। टीम लगातार जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व की चोरी की घटनाओं का भी जल्द खुलासा किया जाएगा।
खबरें और भी हैं….




