राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमराही बाजार स्थित करजाइन रोड में चोरों ने पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। होटल अशोक वाटिका परिसर में लगे एटीएम में बुधवार की रात बदमाशों ने तोड़फोड़ की। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे होटल स्टाफ की नजर क्षतिग्रस्त मशीन पर पड़ी। इसकी जानकारी मकान मालिक को दी गई। इसके बाद उन्होंने राघोपुर थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एटीएम का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मशीन में तोड़फोड़ के निशान मिले हैं। हालांकि, एटीएम से नकदी चोरी हुई है या नहीं, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। आशंका है कि बदमाशों ने रुपये निकालने के उद्देश्य से मशीन से छेड़छाड़ की, लेकिन सफल नहीं हो सके।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि कोई व्यक्ति रुपये निकालने के उद्देश्य से एटीएम में गया होगा। मशीन से रुपये नहीं मिलने पर तोड़फोड़ की गई होगी। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि एटीएम से नकदी चोरी हुई है या बदमाश अपने मंसूबे में नाकाम रहे।
खबरें और भी हैं……




