सिमराही (सुपौल)।

बिहार बोर्ड द्वारा सोमवार को इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम जारी होते ही राघोपुर प्रखंड क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। नगर पंचायत सिमराही के दो छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में टॉप-3 में स्थान बनाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नगर पंचायत सिमराही वार्ड 17 निवासी समाजसेवी राधा देवी के पौत्र व मुकेश कुमार गुप्ता एवं रिंकी कुमारी के पुत्र हेमंत कुमार राज ने आर्ट्स संकाय में 465 अंक (93 प्रतिशत) प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया। वह हरवत राज उच्च विद्यालय, गणपतगंज का छात्र है। परिणाम घोषित होते ही उसके घर में जश्न का माहौल बन गया और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
परिजनों के अनुसार हेमंत बचपन से ही पढ़ाई के प्रति बेहद लगनशील रहा है। उसकी प्रारंभिक शिक्षा राघोपुर स्थित डॉ. राजेंद्र पब्लिक स्कूल नामक निजी विद्यालय में हुई, जबकि वर्ष 2024 में उसने हरवत राज उच्च विद्यालय से मैट्रिक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया था। उसकी माता रिंकी कुमारी, जो आंगनवाड़ी सेविका हैं, ने बताया कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद बेटे की पढ़ाई में कभी बाधा नहीं आने दी। हेमंत ने अपनी सफलता का श्रेय दादी, माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि वह आगे चलकर जज बनकर देश की सेवा करना चाहता है।
वहीं नगर पंचायत सिमराही वार्ड 7 निवासी गोपी कुमार हरलालका एवं ज्योति हरलालका के पुत्र नित्यम कुमार ने कॉमर्स संकाय में 424 अंक (84.80 प्रतिशत) लाकर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। वह डॉ. विद्यासागर यादव उच्च विद्यालय, करजाइन बाजार का छात्र है।
नित्यम के पिता ने बताया कि वह बचपन से ही मेधावी छात्र रहा है और पाटलिपुत्रा सेंट्रल स्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा पूरी करते हुए मैट्रिक परीक्षा उत्तीर्ण की थी।
दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि इनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगी।
खबरें और भी हैं….




