सुपौल : सिमराही में निकली ऐतिहासिक रामनवमी शोभा यात्रा, 25 हजार से अधिक श्रद्धालु हुए शामिल

SHARE:

सिमराही (सुपौल)।

राम जन्मोत्सव के अवसर पर नगर पंचायत सिमराही का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। पर्व के दूसरे दिन शनिवार को सिमराही में भव्य एवं विराट रामनवमी शोभा यात्रा निकाली गई, जिसमें 25 हजार से अधिक रामभक्तों ने भाग लिया।
एनएच-27 किनारे स्थित रामजानकी ठाकुरबाड़ी सह बड़ी दुर्गा मंदिर परिसर से मनीष भगत की अध्यक्षता में निकली इस शोभा यात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। माथे पर भगवा पाग, ललाट पर चंदन और हाथों में भगवा ध्वज लिए श्रद्धालुओं की टोली जब नगर भ्रमण पर निकली, तो पूरा क्षेत्र “जय श्री राम” के उद्घोष से गूंज उठा। पूरे दिन नगर गेरुआ रंग में रंगा नजर आया।

तीन किलोमीटर लंबी रही यात्रा, कई प्रमुख मार्गों से गुजरी
शोभा यात्रा का शुभारंभ दोपहर 12 बजे शंखनाद के साथ हुआ। यात्रा राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी से निकलकर एनएच-27, जेपी चौक, करजाइन रोड, हॉस्पिटल रोड, पिपराही रोड, एनएच-106 होते हुए राघोपुर थाना और पोस्ट ऑफिस के रास्ते पुनः जेपी चौक पहुंची। इसके बाद गांधीनगर होते हुए यात्रा मंदिर प्रांगण में समाप्त हुई।
करीब तीन किलोमीटर लंबी इस यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे नगर में भगवा रंग की छटा देखने को मिली।

आकर्षक झांकियों ने मोहा मन
शोभा यात्रा में शामिल झांकियां आकर्षण का मुख्य केंद्र रहीं। एक रथ पर भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान के रूप में सजे बच्चों की जीवंत प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं अन्य रथों पर महाकाल अघोरी समूह का प्रदर्शन, माता काली, राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती सहित विभिन्न देवी-देवताओं की झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
विशेष रूप से गोरिल्ला थीम पर आधारित झांकी बच्चों और महिलाओं के बीच खासा लोकप्रिय रही। ढाक की धुन पर थिरकते श्रद्धालुओं ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।
जगह-जगह हुआ स्वागत, श्रद्धालुओं के लिए सेवा व्यवस्था
शोभा यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा शरबत, ठंडा पानी, लस्सी एवं अन्य खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने इन सेवा शिविरों में रुककर प्रसाद ग्रहण किया।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
शोभा यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। एसडीएम वीरपुर नीरज कुमार, एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार, बीडीओ सतेंद्र कुमार यादव एवं थानाध्यक्ष अमित कुमार राय के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
यात्रा मार्ग के प्रत्येक चिन्हित स्थल पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। जिले के कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी पूरे समय शोभा यात्रा के साथ मौजूद रहे।

हर वर्ष से अधिक भव्य रहा आयोजन
स्थानीय लोगों के अनुसार, सिमराही में हर वर्ष रामनवमी पर शोभा यात्रा निकलती है, लेकिन इस बार की भीड़, भव्यता और आकर्षक झांकियों ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। नगर ही नहीं, पूरे जिले में इस आयोजन की चर्चा हो रही है।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!