राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत सिमराही में गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2026 के पारित नहीं होने को लेकर भाजपा महिला कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में जोरदार आक्रोश मार्च निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार-विपक्ष के खिलाफ नारेबाजी की।
आक्रोश मार्च की शुरुआत भगवती स्थान मंदिर से हुई, जहां से महिलाएं नारे लगाते हुए एनएच-27 स्थित गुलाब दास ठाकुरबाड़ी दुर्गा मंदिर तक पहुंचीं। पूरे मार्ग में “नारी सम्मान का अपमान नहीं सहेंगे” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध जताते हुए उनका पुतला दहन किया गया, जिससे क्षेत्र में कुछ देर तक गहमागहमी बनी रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष विनिता देवी ने की। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के अधिकार और सम्मान से जुड़ा अहम मुद्दा है, और इसे पारित नहीं करना महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक महिलाओं को उनका अधिकार नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
जिला मंत्री स्मृति कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होता, लेकिन इसे रोकना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और सरकार को जल्द इस पर निर्णय लेना चाहिए।
जिला उपाध्यक्ष सीमा कुशवाहा ने भी कहा कि महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी लोकतंत्र के लिए खतरा है। अब महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं और अपने हक के लिए हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारे लगाए— “नारी सम्मान की झूठी कहानी, नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान।”
इस मौके पर सीमा कुशवाहा, स्मृति कुमारी, गायत्री देवी, बैधनाथ भगत, प्रशांत वर्मा, स्नेहलता देवी, प्रमोद साह, विना देवी, ममता देवी, फुल कुमारी, रूबी देवी, उषा, मधु कुमारी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
खबरें और भी हैं…..




