सुपौल: राघोपुर के गणपतगंज में सूने घर को बनाया निशाना, दीवार काटकर लाखों की चोरी

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गणपतगंज वार्ड नंबर 3 में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गणपतगंज के सेवानिवृत्त कर्मचारी ददन लाल के घर की है, जहां चोरों ने दीवार काटकर और खिड़की का ग्रिल तोड़कर घर में प्रवेश किया। जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी ददन लाल 25 अप्रैल को अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर बंद कर बाहर गए हुए थे। इस दौरान घर पूरी तरह खाली था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। शुक्रवार सुबह जब परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर गड़बड़ी का अंदेशा हुआ।

छत के रास्ते घर में घुसे परिजन

गृहस्वामी ने बताया कि घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे संदेह गहराया। इसके बाद पड़ोसी के घर की छत के सहारे अपने घर में प्रवेश किया गया। अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। खिड़की का ग्रिल टूटा हुआ था और दोनों गोदरेज अलमारी के ताले टूटे पड़े थे। पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था।

लाखों के जेवरात और नगदी गायब

ददन लाल के अनुसार, चोरों ने सोने के कान के टॉप, नथुनी, जितिया, अंगूठी सहित करीब 5 से 6 लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा लगभग 3 लाख रुपये नगद भी गायब हैं। कुल मिलाकर चोरों ने करीब 8 से 9 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया।

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि आवेदन मिलने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इलाके में दहशत, सुरक्षा पर सवाल घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस से गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!