राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर बाजार में शनिवार देर रात भीषण अग्निकांड की घटना में एक थोक किराना एवं उपभोक्ता उत्पादों की दुकान जलकर पूरी तरह राख हो गई। आग की इस घटना में लाखों रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया। स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार, राधानगर निवासी एवं गितेन्द्र इंटरप्राइजेज के संचालक सुमन कुमार शनिवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रात करीब साढ़े दस बजे स्थानीय लोगों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि दुकान के शटर से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि दुकान के अंदर भीषण आग लगी हुई है।
घटना के बाद आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए। शटर को लोहे की छड़ों की मदद से उठाकर अंदर पानी डालने का प्रयास किया गया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। इसके बाद तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। शटर अत्यधिक गर्म होने के कारण उसे खोलना संभव नहीं था। ऐसे में दमकल कर्मियों ने गोदाम की ओर से दीवार तोड़कर अंदर पानी डाला। काफी देर तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।
पीड़ित व्यवसायी सुमन कुमार ने बताया कि उनकी दुकान में पारले, हर्षी, नाइन सैनिटरी पैड एवं डायपर, बिहाना, प्राण बेवरेज, हरपल मसाला, प्रभु दर्शन, हेतल, धनलक्ष्मी समेत 12 से अधिक कंपनियों के उत्पादों की एजेंसी थी। आग में दुकान में रखा लगभग पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया।
उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में करीब 25 से 30 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटा प्रशासन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। इधर, घटना के बाद राघोपुर बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों एवं व्यापारियों ने पीड़ित व्यवसायी को सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा देने की मांग की है।
खबरें और भी हैं…….




