एनएच-27 और एनएच-106 जंक्शन जेपी चौक पर लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान, एसडीएम ने किया बाजार का निरिक्षण
राघोपुर (सुपौल)
सावन माह के दौरान सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 और एनएच-106 के जंक्शन जेपी चौक पर लगने वाले भीषण जाम को नियंत्रित करने के लिए वीरपुर अनुमंडल प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक प्रबंधन योजना लागू की है। अनुमंडल कार्यालय वीरपुर की ओर से जारी संयुक्त आदेश के तहत 30 जुलाई से 10 अगस्त तक प्रतिदिन सुबह और शाम की व्यस्त अवधि में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
इसके साथ ही जेपी चौक से चारों दिशाओं में लगभग 200 मीटर तक के क्षेत्र को नो-वेंडिंग जोन के रूप में व्यवस्थित रखने का निर्णय लिया गया है। बुधवार को वीरपुर के एसडीएम विनय कुमार स्वयं सिमराही बाजार पहुंचे और जाम की समस्या का जायजा लिया। उन्होंने सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए दुकानों, ठेला-खोमचा, सब्जी एवं फल विक्रेताओं, टेम्पू, ई-रिक्शा संचालकों और बस स्टैंड से जुड़े लोगों से बातचीत कर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपील की। प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि सिमराही चौक पर चारों दिशाओं से वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे विशेषकर सुबह और शाम के समय लगातार जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
सावन माह में बाबा भीमशंकर मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की गई है। रोस्टर के अनुसार प्रतिदिन सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे तक तथा शाम 4:00 बजे से 8:00 बजे तक अलग-अलग दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी चौक पर मौजूद रहेंगे। प्रत्येक शिफ्ट में एक दंडाधिकारी, एक पुलिस पदाधिकारी तथा 1-4 पुलिस बल की तैनाती की गई है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि एनएच-27 और एनएच-106 के जंक्शन पर सड़क किनारे अनियंत्रित ढंग से दुकानें लगने, वाहनों के खड़े रहने और अस्थायी अतिक्रमण के कारण जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने व्यापार संघ के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर बाजार को जाम मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जेपी चौक से लगभग 200 मीटर तक सड़क किनारे अवैध टेम्पू स्टैंड, बस स्टैंड, दुकान, ठेला या अन्य प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा। साथ ही सर्विस रोड तक के कालीकरण किए गए हिस्से को पूरी तरह खाली रखा जाएगा, ताकि सड़क की पूरी चौड़ाई का उपयोग यातायात के लिए किया जा सके। संयुक्त आदेश में नगर पंचायत सिमराही के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि चौक और उसके आसपास लगभग 200 मीटर की परिधि में अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और सड़क पर वाहन पड़ाव नहीं होने दिया जाए। प्रतिनियुक्त अधिकारियों को ट्रैफिक नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने के लिए समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। अधिकारियों को ड्यूटी स्थल पर समय से उपस्थित रहने तथा ट्रैफिक और विधि-व्यवस्था संबंधी गतिविधियों की नियमित सूचना जिला प्रशासन के व्हाट्सएप ग्रुप और संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया है। मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का रोजगार प्रभावित करना नहीं, बल्कि सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने दुकानदारों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों से अपील की कि वे सड़क पर कालीकरण किए गए हिस्से को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, वाहन चालकों और आम लोगों का सहयोग मिला, तो सिमराही बाजार में वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त की जा सकती है। निरीक्षण के दौरान राघोपुर के बीडीओ सत्येंद्र कुमार, सीओ रश्मि प्रिया, व्यापार संघ अध्यक्ष ललित जायसवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि, दुकानदार और अन्य लोग उपस्थित थे।
खबरें और भी हैं…..




