राघोपुर (सुपौल)
रक्षाबंधन के पर्व पर शुक्रवार की दोपहर राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर रामबीशनपुर चकला चौक के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक वर्षीय मासूम समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद अज्ञात चारपहिया वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे बाइक संख्या बीआर 38 एजी 9541 पर सवार चार लोगों को पीछे से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार पूजा देवी (23), पति रवि धामी, निवासी पिपरा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं, पूजा देवी की गोद में बैठा उनका एक वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। बाइक चालक दिलकुश कुमार (22) एवं उनकी पत्नी किशमिश देवी (19) भी गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि किशमिश देवी के सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगी है।
घायल दिलकुश कुमार, जो जदिया थाना क्षेत्र के कोरियापट्टी गांव वार्ड संख्या-1 के निवासी हैं, ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर वह अपनी पत्नी के साथ फारबिसगंज थाना क्षेत्र के चकरदाह गांव स्थित अपने ससुराल गए थे। वहां राखी बंधवाने के बाद दोनों बाइक से सुपौल जिले के बसबीट्टी गांव स्थित अपने दूसरे साले के घर जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि इसी दौरान उनके रिश्तेदार पिपरा निवासी पूजा देवी अपने एक वर्षीय बच्चे के साथ बाइक पर बैठ गईं। पूजा देवी को भी बसबीट्टी स्थित अपने भाई के घर राखी बांधने जाना था। इसी क्रम में रामबीशनपुर चकला चौक के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात चारपहिया वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों के सहयोग से मृतका और सभी घायलों को इलाज के लिए राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने पूजा देवी को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया। पुलिस अज्ञात चारपहिया वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुट गई है।
थानाध्यक्ष ने कहा—
मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, जबकि घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
खबरें और भी हैं…..




