मधेपुरा ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम, पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल।
राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत वार्ड संख्या-2 में एनएच-131 पर इंटर कॉलेज के समीप गुरुवार रात अज्ञात वाहन की ठोकर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान वार्ड-2 निवासी कामेश्वर खिड़हरी (48) के रूप में हुई है। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, कामेश्वर खिड़हरी गुरुवार रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच अपने घर के सामने एक ग्राहक का अनाज देख रहे थे। इसी दौरान राघोपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल राघोपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा रेफर कर दिया।
परिजन उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा ले जा रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार तड़के करीब 12 बजे श्यामनगर के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। केएन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रमोद कुमार ने बताया कि कामेश्वर उनके चाचा थे। हादसे के बाद गंभीर स्थिति में उन्हें मधेपुरा ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजन करीब ढाई बजे रात शव लेकर घर पहुंचे।
शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर पर स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों की भीड़ जुट गई। कामेश्वर अपने पीछे पत्नी चंद्रकला देवी, पुत्र सत्यम कुमार (12) और शिवम कुमार (10) को छोड़ गए हैं। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
इधर, राघोपुर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
खबरें और भी हैं…..




