सुपौल : सिमराही में SIR के विरोध में महागठबंधन का प्रदर्शन, पीएम मोदी व मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका

SHARE:

राघोपुर, (सुपौल)

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में बुधवार को राघोपुर में महागठबंधन का विरोध प्रदर्शन हुआ। महागठबंधन कार्यकर्ताओं ने प्रखंड मुख्यालय से जुलूस निकालकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। जुलूस सिमराही के जेपी चौक गोलंबर पहुंचा, जहां सभा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व नगर पंचायत सिमराही की नगर अध्यक्ष एवं राजद नेत्री सलीमा खातून ने किया।

कार्यकर्ता हाथों में बैनर और पार्टी के झंडे लेकर प्रखंड कार्यालय से एनएच-106 होते हुए जेपी चौक पहुंचे। यहां आयोजित सभा में नेताओं ने SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और किसी भी योग्य मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।

सभा को संबोधित करते हुए राजद नेता प्रकाश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर चुनावी प्रक्रिया के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर देशभर में सरकार की नीतियों का विरोध करने वाले करोड़ों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने की आशंका है। उन्होंने SIR को वापस लेने तथा बिहार और पश्चिम बंगाल में SIR के बाद हुए चुनावों को रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग की।

कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जमील अनवर ने कहा कि मतदाता सूची में पारदर्शिता और सभी पात्र नागरिकों के मताधिकार की गारंटी जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदाता सूची से किसी योग्य नागरिक का नाम हटना गंभीर विषय है। महागठबंधन इस मुद्दे पर जनता के साथ खड़ा है और SIR के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक यदुवंश यादव, राजद नेता बेद्यनाथ मेहता सहित महागठबंधन के कई कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई