सुपौल : सिमराही में जाम का जंजाल बरकरार, प्रशासनिक आदेश बेअसर, छठ पर महाजाम की आशंका

SHARE:

 

राघोपुर (सुपौल)।

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित एनएच-27 और एनएच-106 के क्रॉसिंग स्थल जेपी चौक के आसपास यातायात व्यवस्था में सुधार होता नहीं दिख रहा है। बीते दिन भाई दूज के दिन सिमराही बाजार के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर तक लगे भीषण महाजाम के बावजूद स्थानीय और जिला प्रशासन ने कोई ठोस सबक नहीं लिया। इसका नतीजा शुक्रवार और शनिवार को एक बार फिर देखने को मिला। सिमराही बाजार में शुक्रवार को एनएच-27 के किनारे लगने वाली अवैध गुदरी हाट के कारण दिनभर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही। बाजार से गुजरने वाले छोटे–बड़े वाहन जाम के कारण रेगते रहे, जबकि स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि बीते बुधवार को भाई दूज के अवसर पर सिमराही बाजार के दोनों ओर करीब 10 किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया था। लगभग आठ घंटे तक कई एम्बुलेंस सहित हजारों वाहन जाम में फंसे रहे थे। जाम की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उसे हटाने के लिए सुपौल एसपी शरथ आरएस और वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार को स्वयं सड़क पर उतरना पड़ा था। पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके बावजूद बाजार की यातायात व्यवस्था में अपेक्षित सुधार हुआ था। शुक्रवार और शनिवार को फिर उसी तरह स्थिति देखने को मिली, हालांकि जाम भीषण नहीं रही लेकिन वाहनों को रेंगते हुए निकलना पड़ा।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार सिमराही बाजार में एनएच-27 के किनारे अवैध रूप से गुदरी हाट लगाए जाने और अवैध टेक्सी स्टैंड से सड़क की चौड़ाई काफी कम हो जाती है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग और वाहन चालक सड़क के बीचोंबीच ही अपनी गाड़ियां खड़ी कर देते हैं। वहीं, सड़क किनारे दुकानों और फुटपाथी विक्रेताओं के जमावड़े के कारण आवागमन का रास्ता और संकरा हो जाता है। ऐसे में एनएच-27 से गुजरने वाले भारी वाहन, बस, ट्रक और अन्य छोटे वाहन एक-दूसरे के पीछे फंस जाते हैं। देखते ही देखते जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसका खामियाजा बाजार आने वाले स्थानीय लोगों के साथ दूर-दराज की यात्रा करने वाले राहगीरों को भी भुगतना पड़ता है।

सिमराही बाजार में पर्व-त्योहार के दौरान लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए वीरपुर एसडीएम विनय कुमार ने दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने तथा बाजार में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले ही संयुक्त आदेश जारी किया था। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वीरपुर की ओर से जारी आदेश के तहत बाजार के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। आदेश के अनुसार सिमराही बाजार के चार प्रमुख स्थानों पर करीब 200 मीटर के अंतराल पर दो पालियों में अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पहली पाली सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर दो बजे से रात दस बजे तक निर्धारित की गई थी। यह व्यवस्था चार नवंबर से अगले आदेश तक प्रभावी रखने का निर्देश दिया गया था।

प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने निर्धारित स्थल पर समय से उपस्थित रहकर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और विधि-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। किसी भी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचना देने का भी निर्देश था। लेकिन शुक्रवार को बाजार की स्थिति देखकर प्रशासनिक आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से अधिकारियों और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति तो कर दी जाती है, लेकिन इसका असर धरातल पर दिखाई नहीं देता। लोगों का कहना है कि प्रतिनियुक्त पदाधिकारी कई बार सिर्फ औपचारिक उपस्थिति और फोटो खिंचवाने तक ही नजर आते हैं। सड़क किनारे लगने वाली गुदरी हाट को व्यवस्थित करने, अतिक्रमण हटाने और सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। यही वजह है कि बार-बार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।

इधर, छठ महापर्व शुरू हो चुका है। शुक्रवार को खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद शनिवार को अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को व्रती विभिन्न छठ घाटों पर पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए बाजार में पूजा सामग्री की खरीदारी और आवागमन को लेकर लोगों की भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो छठ के मौके पर सिमराही बाजार में फिर घंटों लंबा जाम लग सकता है। लोगों ने जिला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि एनएच-27 के किनारे लगने वाली गुदरी हाट को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित कराया जाए। सड़क पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों और बेतरतीब वाहन खड़ा करने वालों पर कार्रवाई हो। साथ ही जेपी चौक सहित बाजार के प्रमुख स्थानों पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों की नियमित मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, ताकि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं, व्रतियों और आम राहगीरों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़े।

खबरें और भी हैं……

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई