सुपौल: राघोपुर स्टेशन पर रील बनाने के चक्कर में 25 हजार वोल्ट करंट की चपेट में आया युवक झुलसा

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

90% तक झुलसा, हालत नाजुक; डीएमसीएच रेफर

राघोपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर शनिवार शाम करीब 4 बजे एक खतरनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलस गया। खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़कर मोबाइल से रील बनाने के दौरान वह ऊपर गुजर रहे लगभग 25 हजार वोल्ट के हाईटेंशन ओवरहेड तार की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर पंचायत सिमराही वार्ड-14 निवासी मो. जाहिर का पुत्र मो. मोकिम स्टेशन भवन के सामने पहले से खड़ी मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़कर वीडियो बना रहा था। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गया और तेज धमाके के साथ झुलसकर नीचे प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. संजीव कुमार द्विवेदी ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत अत्यंत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया। डॉक्टर के अनुसार युवक करीब 90 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
वहीं, परिजनों का कहना है कि मोकिम भैंस के लिए चारा लेने गया था और उसी दौरान किसी कारणवश मालगाड़ी पर चढ़ गया, जहां यह हादसा हुआ।
अस्पताल में इलाज के दौरान परिजनों ने एहतियातन किसी को भी घायल का फोटो या वीडियो बनाने नहीं दिया। उनका कहना था कि मामला वायरल होने पर रेलवे प्रशासन की ओर से अनावश्यक कार्रवाई हो सकती है।
बढ़ती लापरवाही बन रही जानलेवा
रेलवे ट्रैक और खड़ी मालगाड़ियों के पास इस तरह की गतिविधियां लगातार सामने आ रही हैं, खासकर सोशल मीडिया के लिए रील बनाने के चक्कर में युवा अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। रेलवे परिसर में लगे हाईटेंशन तार बेहद खतरनाक होते हैं, जिनके पास जाना भी जानलेवा साबित हो सकता है।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!