सुपौल:  सिमराही बाजार में 30 मिनट के भीतर दो सड़क हादसे, खतरनाक डिवाइडर बना वजह

SHARE:

अंधेरे और बिना संकेतक के डिवाइडर से टकराईं गाड़ियां, बाल-बाल बचे लोग

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही बाजार स्थित जेपी चौक के समीप रविवार की संध्या महज आधे घंटे के भीतर दो अलग-अलग सड़क हादसे हो गए। दोनों ही मामलों में वाहन एक ही डिवाइडर से टकरा गए। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में किसी की जान नहीं गई और सभी लोग मामूली रूप से घायल हुए।

पहली घटना:

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहली कार (BR 07 BG 3670) फारबिसगंज की ओर से आ रही थी। अंधेरा अधिक होने और डिवाइडर पर किसी प्रकार का संकेतक या रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और वाहन सीधे उससे जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

दूसरी घटना:

पहली दुर्घटना के करीब 20 मिनट बाद ही दूसरी गाड़ी (BR 24 AK 4171), जिस पर बिहार सरकार का बोर्ड लगा हुआ था, उसी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी दो बार पलटते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर उलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी में एक बच्चा सीट के बीच फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों में आक्रोश:

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि डिवाइडर पूरी तरह क्षतिग्रस्त है और उस पर न तो पेंट है और न ही कोई चेतावनी संकेत या रेडियम लाइट, जिससे रात में यह और भी खतरनाक हो जाता है।

जनप्रतिनिधियों की मांग:

वार्ड पार्षद प्रतिनिधि विनय कुमार ने बताया कि यहां आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि डिवाइडर की जल्द मरम्मत कर उस पर संकेतक बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। पुलिस का पक्ष: मामले में राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने कहा कि स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!