सुपौल: राघोपुर स्टेशन पर पहूंचे डीआरएम, समाजसेवी ने लाइट ओभरब्रिज का किया मांग। सौंपा मांग पत्र। 

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को राघोपुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं साफ-सफाई का जायजा लिया। निरीक्षण के मौके पर स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं फूल-माला देकर उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने रेलवे स्टेशन और रेल सेवाओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर डीआरएम को मांग पत्र सौंपा। समाजसेवी उमेश गुप्ता एवं वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने राघोपुर स्टेशन के समीप एनएच-106 पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के बाद बंद हुए रेलवे ढाला से आम लोगों को हो रही परेशानियों की जानकारी दी। उन्होंने वहां लाइट ओवरब्रिज निर्माण की मांग उठाई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि ढाला बंद होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यवसायियों तथा ग्रामीण इलाकों के लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। साथ ही नगर पंचायत सिमराही दो हिस्सों में बंट गया है और आरओबी पर पैदल आवाजाही की समुचित व्यवस्था भी नहीं है।
इस दौरान स्टेशन परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण, यात्री शेड का विस्तार, पर्याप्त बेंच की व्यवस्था तथा पेयजल सुविधा को बेहतर बनाने की मांग भी रखी गई।
रेल परिचालन से जुड़ी मांगों में समाजसेवी मयंक गुप्ता समेत अन्य लोगों ने फारबिसगंज या ललितग्राम से सुपौल एवं सहरसा के लिए सुबह के समय पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की, ताकि छात्रों, दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके अलावा सुपौल-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन को ललितग्राम तक विस्तारित करने, रक्सौल-जोगबनी एक्सप्रेस को न्यू जलपाईगुड़ी तक बढ़ाने तथा दरभंगा-फारबिसगंज होकर कटिहार के लिए नई ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग उठाई गई।
वहीं संत अमरजीत ने सरायगढ़-देवघर स्पेशल ट्रेन को राघोपुर या ललितग्राम तक विस्तार देने की मांग को क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता बताया।
निरीक्षण के दौरान सागर यादव ने स्टेशन पार्किंग परिसर के बाहर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला उठाया। इस पर डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
स्टेशन परिसर में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन शिलापट्ट पर गंदगी देख डीआरएम नाराज दिखे। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
वहीं स्थानीय लोगों ने ललितग्राम स्टेशन पर वाशिंग पिट निर्माण को लेकर डीआरएम को बधाई दी और स्टेशन के भविष्य को लेकर सवाल किया। इस पर डीआरएम ने कहा कि ललितग्राम स्टेशन को फिलहाल टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है और आगे इसे एक आधुनिक एवं सुंदर टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा।
अंत में डीआरएम ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। मौके पर प्रशांत वर्मा, गुड्डू गुप्ता, अमित यादव, उमेश गुप्ता, स्मृति कुमारी, मयंक गुप्ता, सागर यादव, संत अमरजीत सहित अन्य लोग मौजूद थे।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!