राघोपुर (सुपौल)।
वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) विनय कुमार ने शनिवार को अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया के साथ राघोपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे पहुंचे एसडीएम ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, ओपीडी तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम की नजर करंट लगने से घायल एक व्यक्ति पर पड़ी, जिसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया जा रहा था। एंबुलेंस के पास भीड़ देखकर उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीज की जान बचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों के मामले में एक-एक सेकंड महत्वपूर्ण होता है, इसलिए बिना विलंब के उसे उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए।
इसके बाद एसडीएम ने ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. ललिता कुमारी से अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली और मरीजों के समुचित उपचार पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। वहीं बीसीएम सह बीएचएम शादाब अली से अस्पताल प्रबंधन की जानकारी लेते हुए साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार लाने तथा सभी चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने अस्पताल परिसर और ओपीडी में साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अस्पताल परिसर की नियमित सफाई कराने के साथ-साथ चुना एवं ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
मौके पर आउटसोर्सिंग सुपरवाइजर रविंद्र सिंह सहित अस्पताल के अन्य स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में एसडीएम विनय कुमार ने बताया कि वे नगर पंचायत सिमराही कार्यालय के निरीक्षण के दौरान रेफरल अस्पताल भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई की कमी पाई गई है, जिसे शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन ने व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि करंट लगने से घायल व्यक्ति को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है और उम्मीद है कि उसे समय पर उचित उपचार मिल जाएगा।
खबरें और भी हैं…..




