राघोपुर (सुपौल)।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद शनिवार को राघोपुर प्रखंड अंतर्गत सिमराही बाजार में कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया, मिठाई खिलाई और नारेबाजी कर इसे छात्रों के लंबे संघर्ष की जीत बताया। इस मौके पर पार्टी के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष अमरदीप चौधरी ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर सहित देशभर में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे थे। छात्रों ने परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना था कि छात्रों के लगातार संघर्ष और जनदबाव के कारण सरकार को यह फैसला लेना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा आंदोलन की पहली सफलता है, लेकिन उनकी लड़ाई अभी समाप्त नहीं हुई है। उन्होंने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी छात्रों की बिना शर्त रिहाई, उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों की वापसी तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित साह को छात्रों से माफ़ी मांगने कि बात कही। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष जमील अनवर ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार से शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार करने, प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाने तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया तथा छात्रों के आंदोलन के प्रति अपना समर्थन दोहराया। कार्यक्रम में महेश पांडेय, मनीष जायसवाल, सरोज जायसवाल, नौशाद, सोनू, मो अफजल, अंजार अहमद, शंकर, अजय मंडल, नौशाद आलम, रुस्तम, सज्जाद, अंकित सिंह, अमन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।
खबरें और भी हैं…..




