सिमराही में गूंजेगी श्रीकृष्ण भक्ति की स्वर लहरियां, छह दिनों तक बहेगी श्रीमद्भागवत कथा की गंगा
राघोपुर (सुपौल)
नगर पंचायत सिमराही के वार्ड संख्या-04 स्थित श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी में रविवार से राधाकृष्ण झूलन महोत्सव के अवसर पर छह दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन का शुभारंभ हुआ। 23 से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव में प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक श्रद्धालु श्रीमद्भागवत कथा और प्रवचन का श्रवण करेंगे।
महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर रविवार सुबह ठाकुरबाड़ी परिसर से भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सार्वजनिक दुर्गा मंदिर, गुलाबदास ठाकुरबाड़ी, एनएच-27, सर्वेश्वरनाथ मंदिर होते हुए राघोपुर थाना परिसर स्थित पवित्र कुएं तक पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जल भरकर श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद कलश यात्रा पुनः श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी पहुंची।
कलश शोभायात्रा में श्रद्धालु भगवा वस्त्र और ध्वज लेकर शामिल हुए। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर नंगे पैर भाग लिया। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था देखते ही बन रही थी। पूरे मार्ग में ‘जय श्रीकृष्ण’ और हरिनाम संकीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजन समिति के अनुसार, कलश शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रवचन का वाचन अयोध्या धाम के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित पंकज मोहन शास्त्री करेंगे। कथा के दौरान वे भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, धर्म तथा मानव जीवन के आदर्श मूल्यों पर श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगे।
आयोजन को लेकर श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी परिवार, श्री श्री 108 दुर्गा पूजा समिति एवं नगर पंचायत सिमराही के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से प्रतिदिन कथा में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
राधाकृष्ण झूलन महोत्सव को लेकर सिमराही बाजार सहित आसपास के गांवों में भी उत्साह का माहौल है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से यह आयोजन क्षेत्र में भक्ति, आस्था और सामाजिक एकजुटता का संदेश दे रहा है।
खबरें और भी हैं…..




