सुपौल : हर घर तिरंगा अभियान के तहत राघोपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को राघोपुर प्रखंड कार्यालय परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे यात्रा मार्ग में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा।

तिरंगा यात्रा का नेतृत्व राघोपुर बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने किया। यात्रा प्रखंड कार्यालय से शुरू होकर एनएच-106 के रास्ते सिमराही गोल चौक पहुंची। वहां से अस्पताल रोड, करजाईन रोड होते हुए पुनः एनएच-106 के माध्यम से सिमराही गोल चौक पहुंची। इसके बाद पिपराही रोड और पेट्रोल पंप के सामने से होते हुए यात्रा वापस प्रखंड कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।

यात्रा के दौरान पूरे नगर क्षेत्र में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया। जिस मार्ग से तिरंगा यात्रा गुजरी, वहां लोगों ने उत्साह के साथ इसका स्वागत किया और तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

समापन के बाद प्रखंड कार्यालय में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए बीडीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के प्रति सम्मान, गौरव और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का जन अभियान है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय पहचान, स्वाभिमान और एकता का प्रतीक है तथा इस अभियान का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने और हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आम लोगों की सक्रिय भागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी सफलता है।

खबरें और भी हैं…….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

error: Content is protected !!