सुपौल: राघोपुर में एनएच-27 पर दर्दनाक हादसा में अज्ञात ट्रक की टक्कर से आशा कार्यकर्ता की मौत

SHARE:

राघोपुर (सुपौल):

राघोपुर थाना क्षेत्र के सिमराही स्थित एनएच-27 पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक आशा कार्यकर्ता की मौत हो गई। घटना धर्मपट्टी गैस ऑफिस के समीप सुबह करीब 8 बजे की है, जहां पैदल जा रही महिला को एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका कंचन देवी (56 वर्ष) सिमराही नगर पंचायत के वार्ड संख्या 13 की निवासी थीं। वह शुक्रवार सुबह अपने घर से पैदल कहीं जा रही थीं, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि कंचन देवी स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनकी सक्रिय भूमिका के लिए जानी जाती थीं। उनकी असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। थाना प्रभारी स्वीटी कुमारी ने बताया कि अज्ञात ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है और जल्द ही वाहन का पता लगा लिया जाएगा।
इस हादसे ने एक बार फिर एनएच-27 पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की समस्या को उजागर कर दिया है, जिससे आम लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

खबरें और भी हैं…..

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!