राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर में कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। हैरानी की बात यह है कि इस बार चोरों ने सीधे थाना परिसर को ही निशाना बनाया। बुधवार की रात राघोपुर थाना परिसर स्थित बाबा सर्वेश्वर नाथ शिव मंदिर में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चोर मंदिर परिसर से करीब पांच किलो का घंटा, दो किलो की घंटी और एक त्रिशूल चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी रोज की तरह साफ-सफाई करने पहुंचे। मंदिर के अंदर सामान गायब देख उन्होंने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं इस दौरान मंदिर में मौजूद मुरली गांव निवासी तीर्थनन्द पाठक ने बताया कि वह ज्योतिष का काम करता है। बताया कि वह लगातार 10 दिन से मंदिर में रहकर लोगों की समस्या को देखकर उनके निदान बताते है और मंदिर में ही बाबा के विश्वास पर अपना किताब नगदी सहित अन्य सामान छोड़कर चले जाते है। बताया कि चोर ने उनके मंदिर में रखा झोला से उनके कई किताब और किताब में रखा 9 हजार रुपया और कई अन्य सामग्री भी चोरी कर लिया है।
गौरतलब है कि इसी महीने थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित हनुमान मंदिर में भी दो बार चोरी हो चुकी है। वहां चोरों ने दान पेटी का ताला तोड़कर हजारों रुपये नगद उड़ा लिए थे।
लगातार हो रही इन घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि राघोपुर थाना की लापरवाही के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने सवाल उठाया कि जब थाना परिसर में स्थित मंदिर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या भरोसा।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
खबरें और भी हैं…..




