सुपौल:राघोपुर में पुलिस का बड़ा खुलासा: गांजा, पिस्टल व 39 मोबाइल बरामद, SDPO ने दी जानकारी

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)

गद्दी गांव में अवैध गांजा, हथियार और संदिग्ध सामान की बरामदगी मामले में शुक्रवार को राघोपुर थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) वीरपुर सुरेंद्र कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। SDPO सुरेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 30 अप्रैल को गद्दी वार्ड संख्या-12 स्थित श्रवण साह के घर पर छापेमारी की गई थी। छापेमारी के दौरान 1480 ग्राम गांजा, एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, 39 मोबाइल फोन, 46,525 रुपये नकद, डिजिटल तराजू, 8 पुरानी घड़ियां एवं बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की एक बाइक बरामद की गई। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी श्रवण साह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि उसके भाई सौरभ कुमार और पत्नी प्रियंका कुमारी को मौके से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। SDPO ने कहा कि बरामद मोबाइल फोन और अन्य सामानों से आपराधिक नेटवर्क के जुड़े होने की आशंका है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक को खंगाला जा रहा है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस संबंध में राघोपुर थाना कांड संख्या 153/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान जारी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में थानाध्यक्ष अमित कुमार राय समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!