मुख्य पार्षद सहित 6 वार्ड पार्षद रहे अनुपस्थित, 127 नई योजनाओं को मिली स्वीकृति
राघोपुर (सुपौल)
नगर पंचायत सिमराही कार्यालय में गुरुवार को करीब साढ़े नौ महीने बाद आम बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य पार्षद यशोदा देवी सहित कुल छह वार्ड पार्षद अनुपस्थित रहे, जबकि उप मुख्य पार्षद विनीता देवी समेत 11 वार्ड पार्षद निर्धारित समय पर उपस्थित हुए। बैठक का समय सुबह 11 बजे निर्धारित था। कार्यपालक पदाधिकारी विना वैशाली ने मुख्य पार्षद का करीब एक घंटे तक इंतजार किया, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर विभागीय नियमों के तहत उप मुख्य पार्षद विनीता देवी की अध्यक्षता में बैठक की शुरुआत की गई।

बैठक में सर्वप्रथम वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट पर चर्चा हुई, जिसमें कुल 91 करोड़ 65 लाख 26 हजार रुपये के बजट को पारित किया गया। इसमें आवास योजना मद में 31 करोड़, सड़क निर्माण में 10 करोड़ तथा नाला निर्माण में 6.90 करोड़ रुपये सहित अन्य मद शामिल हैं।

इसके बाद उपस्थित वार्ड पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की विकासात्मक योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की। चर्चा उपरांत प्रस्ताव पंजी में नए योजनाओं को दर्ज कराया गया। बैठक में कुल 16 प्रस्ताव लाए गए तथा 127 नई योजनाओं को स्वीकृति दी गई। वहीं पूर्व से स्वीकृत 30 योजनाओं को प्राक्कलन तैयार होने के बाद प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में नगर क्षेत्र में बिजली के खंभों पर कुल 1260 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने की भी प्रशासनिक स्वीकृति भी दी गई।
बैठक के दौरान वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी द्वारा कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। उन्होंने नगर पंचायत क्षेत्र में पूर्व में लगाए गए छोटे-बड़े कूड़ेदानों के गायब होने की जांच जिलाधिकारी के नेतृत्व में कराने, संबंधित एजेंसी एवं दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई। इसके अलावा एनएच-27 एवं 106 त्रिकोण से हॉस्पिटल रोड जाने वाले मार्ग पर बस चालकों द्वारा घंटों वाहन खड़ा कर सवारी चढ़ाने-उतारने से लगने वाले जाम का मुद्दा भी उठाया गया। प्रस्ताव में अवैध बस पड़ाव पर रोक लगाने, दोषी चालकों पर कार्रवाई करने तथा गोल चौक के दोनों ओर एनएच-27 किनारे वैकल्पिक बस पड़ाव चिन्हित करने की मांग की गई।
बैठक में नगर क्षेत्र में संचालित अवैध बूचड़खानों को बंद कराने, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों के अनुरूप निर्धारित स्थान पर वैध बूचड़खाने खोलने की व्यवस्था करने का प्रस्ताव भी रखा गया।
मानसून के दौरान जलजमाव से राहत के लिए विभिन्न वार्डों में आवश्यकतानुसार रवीश, ईंट का टुकड़ा गिराने तथा जेसीबी एवं ट्रैक्टर मद में राशि खर्च करने की प्रशासनिक स्वीकृति देने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
वहीं वार्ड संख्या 12 स्थित महादलित करोड़ी धामी टोला को मुख्य सड़क से जोड़ने हेतु प्रस्तावित गैरमजरुआ खास भूमि को लोक भूमि घोषित कराने के लिए जिलाधिकारी सुपौल से पत्राचार करने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक के बाद वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी, बुदनी देवी एवं धीरेंद्र राम आदि ने बताया कि मुख्य पार्षद द्वारा करीब 10 महीने से बोर्ड बैठक नहीं बुलाई जा रही थी, जिससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। उन्होंने कहा कि विभागीय नियमों के तहत वार्ड पार्षदों के द्वारा लगातार आवेदन देकर बैठक बुलाने की मांग की जा रही थी, जिसके बाद यह बैठक आयोजित हुई। बैठक में वार्ड संख्या 3, 4, 5, 6, 7 एवं 8 के वार्ड पार्षदों ने भाग नहीं लिया। जिसके कारण इन वार्डो से कोई भी योजना प्रस्ताव में सम्मिलित नहीं हो सका जिसे नगर क्षेत्र विकास के लिए चिंता का विषय बताया गया।
इस बावत कार्यपालक पदाधिकारी बिना वैशाली ने बताई की शांतिपूर्ण माहौल में बैठक सम्पन्न हुआ। बताई की चयनित योजनाओं का नगर क्षेत्र के लगातार क्रियान्यवन कराया जा रहा है। बताई की आज नगर के वजट भी पास कराया गया है।
खबरें और भी हैं….
Author: News Bihar Live
Post Views: 167




