पंचायत सचिव हड़ताल पर, फिर किसके आदेश से चल रहा काम : बीडीओ
राघोपुर (सुपौल)
राघोपुर प्रखंड क्षेत्र के घरहरा पंचायत स्थित बाबा भीमशंकर महादेव मंदिर परिसर के शिव गंगा में ग्राम पंचायत की 15वीं वित्त योजना मद से बन रहे सीढ़ीनुमा छठ घाट निर्माण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। उस मंदिर का पदेन अध्यक्ष एसडीएम बीरपुर है और उपाध्यक्ष सीओ राघोपुर। स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री उपयोग करने तथा बिना सूचना पट्ट लगाए कार्य कराने का आरोप लगाया है।

ग्रामीणों के अनुसार करीब 15 लाख रुपये की लागत से बन रहे घाट निर्माण कार्य स्थल पर अब तक योजना संबंधी कोई सूचना पट्ट नहीं लगाया गया है। आरोप है कि निर्माण कार्य में लोकल उजला बालू और घटिया ईंट, स्टोन आदि का उपयोग किया जा रहा है।
शुक्रवार को स्थानीय प्रदीप चौधरी समेत कई ग्रामीण योजना स्थल पर पहुंचे और प्राक्कलन के अनुरूप कार्य कराने की मांग की। साथ ही योजना स्थल पर सूचना पट्ट लगाने की बात कही। ग्रामीणों ने बताया कि विरोध करने पर निर्माण कार्य करा रहे कुछ स्थानीय लोग उनसे उलझ गए और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोगों का कहना है कि योजना के अभिकर्ता पंचायत सचिव अर्जुन कुमार हैं, लेकिन वे कार्य स्थल पर नहीं पहुंचते हैं। इसके बावजूद निर्माण कार्य धड़ल्ले से जारी है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घरहरा पंचायत में कई योजनाएं अधूरी हैं, जबकि उनकी पूरी राशि की निकासी कर ली गई है। मामले को लेकर ग्रामीणों द्वारा लोक शिकायत निवारण कार्यालय में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को राघोपुर प्रखंड कार्यालय के जेई नवीन कुमार योजना स्थल पर जांच के लिए पहुंचे।
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में राघोपुर बीडीओ को लिखित एवं मौखिक रूप से भी सूचना दी गई है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है।
इस संबंध में राघोपुर बीडीओ सतेंद्र यादव ने बताया कि उक्त योजना के अभिकर्ता पंचायत सचिव हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव फिलहाल हड़ताल पर हैं, ऐसे में किस आधार पर कार्य कराया जा रहा है, इसकी जांच की जाएगी। बीडीओ ने कहा कि वे स्वयं योजना स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच करेंगे।
खबरें और भी हैं….
Author: News Bihar Live
Post Views: 187




