सुपौल: सिमराही में एनएच-27 पर दर्दनाक सड़क हादसा में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

SHARE:

राघोपुर (सुपौल)।

राघोपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत सिमराही अंतर्गत धर्मपट्टी स्थित एनएच-27 पर शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मृतक की पहचान सियाराम मालाकार (55 वर्ष), निवासी समदा वार्ड संख्या-12, थाना रतनपुर के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सियाराम मालाकार अपनी पुत्री को संतान होने के बाद सिमराही के एक निजी क्लिनिक में देखने आए थे। इसके बाद वह अपने दामाद के घर धर्मपट्टी स्थित मालाकार टोला जा रहे थे।
बताया जाता है कि धर्मपट्टी में एनएच-27 पर बने कट के समीप सड़क पार करने के दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही तीन युवकों से सवार एक बुलेट मोटरसाइकिल (बीआर 43 एएफ 3514) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बुलेट मोटरसाइकिल को घेरकर पकड़ लिया, लेकिन उस पर सवार सभी युवक मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर राघोपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।
इधर, पुलिस जब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी, तभी आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध करते हुए बांस-बल्ली लगाकर एनएच-27 को जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि कुछ दिन पूर्व भी राकेश पांडेय की मौत इसी सड़क पर अज्ञात वाहन की टक्कर से हुई थी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र के कुछ युवक नशीली दवाओं के सेवन के आदी हैं और इसी कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। लोगों ने दावा किया कि बाजार में कुछ दवा दुकानों द्वारा प्रतिबंधित अथवा नशीली दवाओं की खुलेआम बिक्री की जाती है, जिस पर प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक लोग जाम स्थल पर डटे हुए थे और दोषियों की गिरफ्तारी तथा नशीले पदार्थों के कारोबार पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार बाइक सवारों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं….

News Bihar Live
Author: News Bihar Live

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!