राघोपुर थाना क्षेत्र के सतकोदरिया वार्ड-05 का मामला, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
राघोपुर (सुपौल)
सुपौल जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतकोदरिया वार्ड संख्या-05 में तीन वर्षीय बच्ची के साथ बे-रहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। मामले में आरोपी पिता को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार (29 मई 2026) की शाम फेसबुक पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति छोटी बच्ची के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कराई गई। जांच में पुष्टि हुई कि वायरल वीडियो राघोपुर प्रखंड के सतकोदरिया वार्ड संख्या-05 का है।
चाइल्ड हेल्पलाइन सुपौल के जिला समन्वयक अभिनन्दन कुमार द्वारा राघोपुर थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, शाम करीब 4:45 बजे जिला प्रशासन से सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया के नेतृत्व में चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला पुलिस पदाधिकारी एवं स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।
टीम ने बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू कर उसकी मां के साथ राघोपुर थाना लाया। वीडियो में बच्ची के साथ मारपीट करने वाला व्यक्ति नूर मोहम्मद बताया गया, जो बच्ची का पिता है। आरोपी नूर मोहम्मद, पिता स्वर्गीय अलाउद्दीन, निवासी सतकोदरिया वार्ड-05, थाना राघोपुर, जिला सुपौल के विरुद्ध किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा-75 सहित अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
राघोपुर थाना में इस संबंध में कांड संख्या 192/26 दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है। प्रशासनिक कार्रवाई शुक्रवार शाम करीब 7 बजे की गई। संयुक्त अभियान में चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के सुपरवाइजर बसंत कुमार, जिला कोऑर्डिनेटर अभिनन्दन कुमार, राघोपुर अंचलाधिकारी रश्मि प्रिया, त्रिवेणीगंज अंचलाधिकारी एवं राघोपुर थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन सुपौल के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं बच्ची और उसकी मां को सुरक्षा एवं देखरेख के लिए सुपौल स्थित अल्फा वास गृह भेजा जा रहा है।
पूछताछ के दौरान आरोपी पिता ने बताया कि बच्ची “बदमाशी कर रही थी”, इसी कारण उसने उसकी पिटाई की। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपी को शिर्फ 6 बच्ची है उसे कोई लड़का नहीं है इसलिए उन्होंने बच्ची के साथ इस तरह का क्रूर हरकत किया है।
खबरें और भी हैं……




