राघोपुर (सुपौल)
सुपौल जिले में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। गुरुवार रात एनएच-27 पर लूटपाट का विरोध करना एक युवक को महंगा पड़ गया, जब बदमाशों ने उसे गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले राघोपुर रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अरड़रहा वार्ड संख्या-15 निवासी रघुनंदन यादव के 28 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है। अमित कुमार ने बताया कि वह फिगलासं चकला से कुसहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्रतापगंज थाना अंतर्गत एनएच-27 स्थित बांस चौक के समीप तीन बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली और मोबाइल फोन छीन लिया।
पीड़ित के अनुसार, बदमाश उनकी बाइक भी लूटने का प्रयास कर रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके शरीर के बाएं हिस्से में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने घायल युवक को राघोपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही राघोपुर थाना की गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है तथा अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
एनएच-27 पर हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और राजमार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
खबरें और भी हैं….




