सिमराही (सुपौल)
विश्व पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर शनिवार को भाजपा नेता सचिन माधोगरिया के नेतृत्व में नगर पंचायत सिमराही क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वार्ड संख्या 10 स्थित महादलित टोला एवं डीहवार स्थान में फलदार तथा छायादार पौधे लगाए गए। साथ ही स्थानीय लोगों के बीच पौधों का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष उमेश गुप्ता, नगर महामंत्री प्रशांत आयुष वर्मा, रेखा देवी, विजय मंडल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधारोपण अभियान में भागीदारी निभाई। 

इस अवसर पर भाजपा नेता सचिन माधोगरिया ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे देश में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से लोगों को अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग के कारण पर्यावरण संतुलन गंभीर चुनौती का सामना कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि इसे जनआंदोलन बनाने की आवश्यकता है।
माधोगरिया ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने की अपील करते हुए कहा कि प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
खबरें और भी हैं….
Author: News Bihar Live
Post Views: 117




