राघोपुर (सुपौल)।
राघोपुर थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद गांव में अवैध रूप से भंडारित उजला बालू बरामदगी मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खनन विभाग की शिकायत पर राघोपुर थाना में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध कांड दर्ज कर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बताया जाता है कि जिला खनन विभाग एवं स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 जून की सुबह हुसैनाबाद गांव स्थित गंगा धार के समीप छापेमारी कर विभिन्न स्थानों से अवैध रूप से जमा 20,550 घनफीट उजला बालू जब्त किया था। जांच के दौरान सात अलग-अलग स्थानों पर बालू का भंडारण पाया गया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ के बावजूद किसी ने भी बालू के स्वामित्व या भंडारणकर्ता की जानकारी नहीं दी।
खनन विभाग की जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि बरामद बालू अवैध खनन के माध्यम से प्राप्त कर भंडारित किया गया था, जो बिहार मिनरल्स (कनसेशन, प्रिवेंशन ऑफ इल्लीगल माइनिंग, ट्रांसपोर्टेशन एंड स्टोरेज) नियमावली, 2019 का उल्लंघन है। जांच टीम ने सभी भंडारण स्थलों का जीपीएस लोकेशन दर्ज करने के साथ फोटोग्राफी भी कराई।
खनन निरीक्षक शाहबाज अहमद द्वारा राघोपुर थाना को भेजे गए आवेदन के आधार पर अज्ञात अवैध खननकर्ताओं एवं भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध कांड संख्या दर्ज की गई है। पुलिस अब बालू के वास्तविक मालिकों तथा अवैध खनन और भंडारण में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है।
वहीं, जब्त बालू की सुरक्षा एवं निगरानी की जिम्मेदारी स्थानीय निवासी शैलेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस और खनन विभाग का कहना है कि मामले में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान होते ही उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी हैं…….





