राघोपुर रेफरल अस्पताल के डॉ. राहुल झ का DNB रेडिएशन ऑन्कोलॉजी में चयन
राघोपुर (सुपौल)
सुपौल जिले के राघोपुर रेफरल अस्पताल में पिछले साढ़े पांच वर्षों से चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में कार्यरत डॉ. राहुल झा ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनका चयन राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान परीक्षा बोर्ड (NBEMS) द्वारा संचालित प्रतिष्ठित DNB (रेडिएशन ऑन्कोलॉजी) पाठ्यक्रम के लिए बेंगलुरु स्थित HCG Cancer Hospital में रेजिडेंट डॉक्टर के रूप में हुआ है।
डॉ. झा ने यह उपलब्धि NEET-PG परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर प्राप्त की है। रेडिएशन ऑन्कोलॉजी चिकित्सा विज्ञान की एक विशेष शाखा है, जिसमें आधुनिक विकिरण तकनीकों के माध्यम से कैंसर रोगियों का उपचार किया जाता है। DNB पाठ्यक्रम देश के सबसे प्रतिष्ठित स्नातकोत्तर चिकित्सा प्रशिक्षण कार्यक्रमों में गिना जाता है और इसकी प्रवेश प्रक्रिया काफी प्रतिस्पर्धी होती है।
जानकारी के अनुसार डॉ. राहुल झा करीब साढ़े पांच वर्षों से राघोपुर रेफरल अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने हजारों मरीजों के उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अपनी कार्यशैली, व्यवहार तथा समर्पण से लोगों का विश्वास जीता। उच्च चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने कठिन परिश्रम के साथ परीक्षा की तैयारी की और यह सफलता अर्जित की।
डॉ. झा की उपलब्धि पर अस्पताल के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों तथा स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवा चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
स्थानीय लोगों के बीच डॉ. राहुल झा एक संवेदनशील और समर्पित चिकित्सक के रूप में जाने जाते हैं। मरीजों का कहना है कि वे ड्यूटी समय के अतिरिक्त भी फोन पर चिकित्सकीय परामर्श देने, आपातकालीन परिस्थितियों में मार्गदर्शन करने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को सरल भाषा में समझाने के लिए हमेशा तत्पर रहते थे। इसी कारण क्षेत्र के लोग उन्हें केवल एक डॉक्टर नहीं, बल्कि संकट के समय सहारा देने वाले चिकित्सक के रूप में देखते हैं।
अपनी सफलता पर डॉ. राहुल झा ने कहा, “राघोपुर के लोगों और अस्पताल परिवार ने उन्हें इतना स्नेह और सम्मान दिया कि वह कभी परायापन महसूस नहीं हुआ। यहां का सहयोग और प्यार हमेशा उनके यादों में रहेगा।”
डॉ. झा के चयन की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया है कि वे कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में भी नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन करेंगे।
खबरें और भी हैं…..




